Jamshedpur: जिला दंडाधिकारी उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले के सभी बीडीओ एवं सीओ के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि नियमों के सफल संचालन के लिए प्रत्येक प्रखंड में संबंधित बीडीओ को नोडल पदाधिकारी बनाया जाएगा। साथ ही जिला स्तर पर विस्तृत एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा, जिसकी मॉनिटरिंग सर्वोच्च न्यायालय द्वारा भी की जाएगी।
31 मई तक वार्डों में लीड फेसिलिटेटर चयन का निर्देश
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के प्रत्येक वार्ड में 31 मई 2026 तक लीड फेसिलिटेटर का चयन सुनिश्चित किया जाए। लीड फेसिलिटेटर स्वच्छ भारत मिशन एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट फ्रेमवर्क के प्रचार-प्रसार का कार्य करेंगे। साथ ही आम लोगों के बीच जागरूकता बैठक आयोजित कर कचरा पृथक्करण और वैज्ञानिक निस्तारण के लाभों की जानकारी देंगे।
बल्क वेस्ट जेनरेटर की होगी पहचान
बैठक में प्रत्येक वार्ड के लिए नोडल ऑफिसर चिन्हित करने के भी निर्देश दिए गए। वार्ड नोडल ऑफिसर जून 2026 तक बल्क वेस्ट जेनरेटर (BWG) की पहचान कर उनकी सूची तैयार करेंगे। इसके अलावा बल्क वेस्ट जेनरेटर को चार प्रकार के डस्टबिन रखने के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि गीला, सूखा, सैनिटरी एवं अन्य कचरे का पृथक्करण स्रोत स्तर पर ही सुनिश्चित हो सके।
हाट-बाजारों में वैज्ञानिक तरीके से होगा कचरा निष्पादन
उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय स्तर पर ऐसा तंत्र विकसित किया जाए, जिससे हाट-बाजारों में नियमित और वैज्ञानिक तरीके से कचरा संग्रहण एवं निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल-2026 में विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है।
पंचायतों और स्वयं सहायता समूहों की होगी भागीदारी
उपायुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर भूमि चिन्हित कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि पंचायत और प्रखंड स्तर पर सेग्रिगेशन सेंटर एवं प्लास्टिक वेस्ट सेग्रिगेशन सेंटर स्थापित किए जा सकें।
बैठक में उप विकास आयुक्त, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, विभिन्न नगर निकायों के पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि बीडीओ और सीओ ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।