Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-27

Jharkhand News: नीट पेपर लीक और क्लस्टर सिस्टम के खिलाफ 29 मई को चक्का जाम का ऐलान

Jharkhand: झारखंड समेत देशभर में शिक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी को लेकर आइसा (AISA) और कई छात्र संगठनों ने 29 मई को राज्यव्यापी चक्का जाम करने की घोषणा की है। छात्र संगठन नीट पेपर लीक, क्लस्टर सिस्टम, सीबीएसई विवाद और शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन करेंगे।

क्लस्टर सिस्टम का सबसे ज्यादा विरोध
छात्र संगठनों का मुख्य विरोध झारखंड उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा लागू किए जा रहे क्लस्टर सिस्टम को लेकर है। इस व्यवस्था के तहत चार से पांच कॉलेजों को मिलाकर एक यूनिवर्सिटी संरचना तैयार की जाएगी और प्रत्येक कॉलेज में केवल एक ही संकाय या कोर्स की पढ़ाई होगी।

छात्र नेताओं का कहना है कि इस व्यवस्था का सबसे ज्यादा असर गरीब, ग्रामीण और महिला छात्रों पर पड़ेगा। उनका कहना है कि यदि किसी महिला कॉलेज में केवल एक विषय की पढ़ाई होगी, तो छात्राओं को दूसरे विषयों के लिए दूर-दराज के कॉलेजों में जाना पड़ेगा। इससे पढ़ाई छोड़ने वाले छात्रों की संख्या बढ़ सकती है।

पीजी पढ़ाई सीमित करने की तैयारी का आरोप
संगठनों ने आरोप लगाया कि पीजी की पढ़ाई को अंगीभूत कॉलेजों से हटाकर केवल विश्वविद्यालय परिसरों तक सीमित करने की तैयारी की जा रही है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करना और कठिन हो जाएगा। साथ ही सीटों में कटौती और शिक्षकों की संख्या घटने की भी आशंका जताई गई है।

नीट पेपर लीक और NTA पर उठाए सवाल
आंदोलन का दूसरा बड़ा मुद्दा नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ी है। छात्र संगठनों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि परीक्षा में धांधली से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
छात्र नेताओं ने दावा किया कि परीक्षा के तनाव और अव्यवस्था के कारण कई छात्रों ने आत्महत्या तक की। उन्होंने इस मामले में केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan से इस्तीफे की मांग की है।

सीबीएसई विवाद को भी बनाया मुद्दा
आंदोलन में सीबीएसई से जुड़े वेदांत श्रीवास्तव मामले को भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है। छात्र संगठनों के अनुसार, रिजल्ट से असंतुष्ट एक छात्र ने उत्तर पुस्तिका की कॉपी मंगाई तो उसे किसी दूसरे छात्र की कॉपी उपलब्ध करा दी गई। संगठनों ने इसे शिक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही और पारदर्शिता की कमी का उदाहरण बताया है।

सुबह और शाम दो चरणों में होगा चक्का जाम
छात्र संगठनों ने बताया कि 29 मई को सुबह 8 बजे से 10 बजे तक और शाम 4 बजे से 6 बजे तक राज्य के अलग-अलग जिलों में चक्का जाम किया जाएगा। आंदोलन में इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) समेत कई अन्य छात्र संगठन भी शामिल होंगे। संगठनों ने आम जनता, अभिभावकों, दुकानदारों और वाहन चालकों से आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है। उनका कहना है कि यह लड़ाई केवल छात्रों की नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !