Seraikela: सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बुधवार को रूटीन निरीक्षण के तहत आरआईटी थाना और गम्हरिया थाना का दौरा किया। करीब दो घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों, सुरक्षा व्यवस्था और लंबित मामलों की गहन समीक्षा की।
लंबित कांडों की समीक्षा, वारंट निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानों में दर्ज लंबित कांडों की फाइलें तलब कर मामलों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अपराध नियंत्रण के लिए वारंट निष्पादन में तेजी लाने, फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और नियमित गश्ती व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
थाना परिसर, मालखाना और हाजत का किया निरीक्षण
एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण, मालखाना और हाजत का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को निर्देश दिया कि थाने आने वाले आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार करें और उनकी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
बकरीद को लेकर अलर्ट रहने का निर्देश
बकरीद पर्व को देखते हुए एसपी ने दोनों थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जाए और शांति व्यवस्था हर हाल में बनाए रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसडीपीओ, आरआईटी एवं गम्हरिया थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित थे।