Jamshedpur News: जमशेदपुर के मोहरदा स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) परियोजना का जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसी को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा लाभुकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि लाभुकों को सुरक्षित और बेहतर आवास उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्माण स्थल पर पेयजल, बिजली, सड़क, नाली और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था जल्द पूरी करने को कहा, ताकि लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।
अधिकारियों ने बताया कि ब्लॉक-8 और ब्लॉक-23 का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इन दोनों ब्लॉकों में कुल 644 लाभुकों को स्थानांतरित किया जाना है। उपायुक्त ने शिफ्टिंग प्रक्रिया को चरणबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने, परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और लाभुकों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार मॉनिटरिंग करने का भी निर्देश दिया।