Ranchi News : झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों में तेज हवाएं, बारिश और वज्रपात की संभावना है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के संकेत दिए गए हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी सिंहभूम के मझारी में सबसे अधिक 49.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं मझगांव में 35.2 मिमी, खूंटी में 28 मिमी, चाईबासा में 17.3 मिमी और बोकारो थर्मल में 15.8 मिमी वर्षा हुई।
तापमान की बात करें तो डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं खूंटी में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
29 और 30 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 29 और 30 मई को राज्य के अधिकांश जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना जताई गई है। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत कई जिले इससे प्रभावित हो सकते हैं।
कई जिलों में येलो अलर्ट भी जारी
31 मई को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 1 जून से 3 जून तक रांची सहित मध्य, दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों में भी येलो अलर्ट का असर देखने को मिल सकता है।
रांची में अगले कुछ दिनों तक बारिश के आसार
राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में 28 मई से 3 जून तक आंशिक बादल छाए रहने और कई स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार रांची का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से घटकर लगभग 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।