Jamshedpur: परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह माखन गली में 14 वर्षीय किशोरी के साथ घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी मुन्ना तामसोय को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद वह जमशेदपुर से फरार होने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। गुरुवार को सदर अस्पताल में आरोपी की पूरी चिकित्सीय जांच (Medical Test) कराने के बाद, पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से चाईबासा के मंझारी थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जो गम्हरिया स्थित मलेरिया विभाग में कार्यरत है और फिलहाल कीताडीह में किराये का मकान लेकर रह रहा था।
बिजली कटने का उठाया फायदा, पड़ोसी ने ही पार की सारी हदें
घटनाक्रम के अनुसार, आरोपी मुन्ना तामसोय पीड़िता के पड़ोस वाले कमरे में ही किरायेदार के रूप में रहता था। मंगलवार की रात इलाके की बिजली कटी हुई थी, जिसके कारण भीषण गर्मी से परेशान होकर नाबालिग किशोरी अपने घर के बाहर टहल रही थी। इसी दौरान सूनेपन का फायदा उठाकर आरोपी ने उसे जबरन खींच लिया और अपने कमरे में बंधक बना लिया। वहाँ उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद उसने पीड़िता को मुंह खोलने या किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की कड़े लहजे में धमकी दी और वहाँ से भगा दिया।
परिजनों को बताई आपबीती, स्टेशन पर चली पुलिस की कार्रवाई
डरी-सहमी पीड़िता जब अपने घर पहुँची, तो उसने हिम्मत जुटाकर परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। घटना सुनते ही आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत आरोपी को मौके पर ही पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह उस वक्त अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकलने में सफल रहा था। इसके बाद मामले की जानकारी परसुडीह थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर पीछा करते हुए आरोपी को उस वक्त दबोच लिया जब वह शहर से बाहर भागने के लिए ट्रेन पकड़ने टाटानगर स्टेशन पहुंचा था।