Jharkhand News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड अधिविद्य परिषद के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने शिष्टाचार भेंट की. मुलाकात के दौरान राज्य की शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों और आने वाले शैक्षणिक सत्र की तैयारियों को लेकर विस्तार से बातचीत हुई.
परीक्षा संचालन और परिणाम व्यवस्था पर मंथन
बैठक में राज्य स्तरीय परीक्षाओं के संचालन, समय पर परीक्षा परिणाम जारी करने और शिक्षा व्यवस्था में तकनीकी सुविधाओं को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई. इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक बेहतर शिक्षा पहुंचाने और शैक्षणिक संसाधनों को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया.
विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर सरकार गंभीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा राज्य के विकास का महत्वपूर्ण आधार है और सरकार विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने पारदर्शी और सुचारु परीक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया.
डॉ. नटवा हांसदा ने मुख्यमंत्री को परिषद की वर्तमान गतिविधियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि झारखंड अधिविद्य परिषद राज्य में निष्पक्ष, पारदर्शी और आधुनिक परीक्षा प्रणाली विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.