Jharkhand News: झारखंड के तीन उभरते पहलवान एशियाई खेल 2026 के चयन ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए रांची से रवाना हो गए हैं. पहली बार ऐसा हुआ है जब राज्य के तीन खिलाड़ियों ने एक साथ वरिष्ठ स्तर के एशियाई खेल चयन ट्रायल के लिए जगह बनाई है. इस उपलब्धि से झारखंड के खेल जगत और युवा खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है.
दिल्ली और लखनऊ में होगा चयन ट्रायल
ट्रायल के लिए रवाना होने वाले खिलाड़ियों में रिया कुमारी, अमित गोप और अभिषेक कुमार शामिल हैं. रिया कुमारी महिला वर्ग के 53 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लेंगी, जबकि अमित गोप और अभिषेक कुमार ग्रीको रोमन शैली में क्रमशः 77 और 60
किलोग्राम वर्ग में चुनौती पेश करेंगे.
इनमें रिया और अभिषेक उत्कृष्टता केंद्र से जुड़े हुए हैं, जबकि अमित गोप रांची का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. चयन ट्रायल दिल्ली और लखनऊ में आयोजित किया जाएगा. ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को एशियाई खेल 2026 में भारत की ओर से खेलने का मौका मिलेगा.
राज्य के लिए गौरव का पल
इस उपलब्धि पर झारखंड राज्य कुश्ती संघ ने खुशी जताई है. संघ के महासचिव रजनीश कुमार ने कहा कि यह झारखंड के लिए गर्व का क्षण है. उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और खेल विभाग, झारखंड सरकार तथा खेल संस्थाओं के सहयोग को इसका बड़ा कारण बताया.
खिलाड़ियों को दी गई शुभकामनाएं
रवाना होने से पहले खिलाड़ियों को खेल विभाग और कुश्ती संघ के अधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं. इस दौरान खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, कुश्ती संघ के अध्यक्ष ज़िशान क़मर समेत कई अधिकारी और प्रशिक्षक मौजूद रहे. सभी ने खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई.