Adityapur News: आदित्यपुर के बीको मोड़ के पास शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार टाटा एस गोल्ड और अर्टिगा कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में अर्टिगा कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों के चालकों के बीच सड़क पर ही जमकर बहस और हंगामा शुरू हो गया।
बंप नुमा उभार बना हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे पानी सप्लाई करने वाली टाटा एस गोल्ड (JH05EA6879) और अर्टिगा कार (JH05AP7594) गम्हरिया से आदित्यपुर की ओर जा रही थीं। बीको मोड़ के पास मुख्य सड़क पर बने उभार के कारण आगे चल रही अर्टिगा कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया।
पीछे से आ रही टाटा एस गोल्ड ने मारी टक्कर
अचानक ब्रेक लगने के बाद पीछे से आ रही टाटा एस गोल्ड अनियंत्रित हो गई और अर्टिगा कार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि अर्टिगा का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मुआवजे को लेकर सड़क पर बहस
दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों वाहनों के चालकों के बीच मुआवजे को लेकर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लापरवाही का आरोप लगाते रहे। सड़क पर बहस बढ़ने से मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया।
अवैज्ञानिक उभारों पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर जगह-जगह बने अवैज्ञानिक बंप और उभार लगातार हादसों की वजह बन रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की है। वहीं इस घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।