Jamshedpur: जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित गणगौर स्वीट्स के गोदाम में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते गोदाम का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
फर्स्ट फ्लोर के गोदाम से शुरू हुई आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले गोदाम के फर्स्ट फ्लोर में लगी, जहां मिठाइयों की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले डिब्बे और बड़ी मात्रा में गत्ता (कार्टन) रखा हुआ था। गत्तों में आग लगने के कारण लपटें तेजी से फैल गईं और पूरे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
गैस ब्लास्ट की चर्चा, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं
स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने की वजह गैस ब्लास्ट होने बताई जा रही है, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
दो दमकल गाड़ियां मौके पर, आग बुझाने का प्रयास जारी
घटना की सूचना मिलते ही टाटा स्टील की दमकल गाड़ी और जिला प्रशासन की एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। दोनों टीमों द्वारा आग पर काबू पाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी।
चारों ओर रिहायशी इलाका, लोगों में भारी दहशत
गोदाम के चारों ओर घनी आबादी वाला रिहायशी क्षेत्र है। आग लगने के बाद आसपास के घरों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। कई परिवारों ने एहतियात के तौर पर अपने घरों से गैस सिलेंडर बाहर निकाल दिए।
पहले भी हो चुकी है आगजनी की घटना
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब चार महीने पहले भी इसी परिसर में आग लगने की घटना हुई थी। इसके बावजूद घनी आबादी के बीच इतने बड़े गोदाम के संचालन को लेकर लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके के बीच इस तरह के बड़े गोदाम सुरक्षा के लिहाज से खतरा बने हुए हैं।
लाखों के नुकसान की आशंका
आग में बड़ी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री, तैयार उत्पाद और अन्य सामान जलकर नष्ट होने की आशंका है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा।