Chaibasa: मझगांव थाना क्षेत्र के सादोमसाई गांव में शनिवार सुबह एक युवक पर भालू के हमले से सनसनी फैल गई। गांव निवासी ढुका पुरती नदी किनारे शौच के लिए गया था, तभी झाड़ियों में मौजूद भालू ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। हमले में युवक के सिर, चेहरे, पीठ, हाथ, नाक और कान सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
जान बचाने के लिए भालू से भिड़ गया युवक
मिली जानकारी के अनुसार सुबह के समय ढुका पुरती गांव के समीप सादोमसाई नदी की ओर गया था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू का सामना उससे हो गया। अचानक हुए हमले के बाद युवक ने साहस दिखाते हुए खुद को बचाने की कोशिश की और काफी देर तक भालू से संघर्ष करता रहा। इस दौरान भालू ने उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया।
ग्रामीणों के पहुंचते ही जंगल की ओर भागा भालू
गंभीर रूप से घायल होने के बाद ढुका पुरती ने मदद के लिए जोर-जोर से आवाज लगाई। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। लोगों की आहट मिलते ही भालू वहां से भागकर नदी किनारे की झाड़ियों में चला गया। ग्रामीणों ने तत्काल घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्राथमिक उपचार के बाद चाईबासा रेफर
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। घायल युवक को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगांव पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। सिर पर गहरे घाव होने के कारण कई टांके लगाए गए। स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया।
वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
घटना के बाद सादोमसाई और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त शुरू करने और जंगली जानवरों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।