Exam Updates: झारखंड में शिक्षक बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए रविवार का दिन अहम होने वाला है. राज्य के विभिन्न शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में नामांकन के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी. इस परीक्षा के माध्यम से बीएड, एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा. परीक्षा में राज्यभर से 45 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है.
राज्यभर में बनाए गए 94 परीक्षा केंद्र
संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद की ओर से आयोजित इस परीक्षा के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं. परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी. अभ्यर्थियों को सुबह 9 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जबकि परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे. परीक्षा के लिए पूरे राज्य में 94 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सबसे अधिक 30 केंद्र रांची में स्थापित किए गए हैं. इसके अलावा धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा समेत कई जिलों में परीक्षा होगी.
ओएमआर शीट पर देना होगा जवाब
परीक्षा ऑफलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी. अभ्यर्थियों को प्रश्नों के उत्तर ओएमआर शीट पर अंकित करने होंगे. प्रश्नपत्र में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर देने पर एक चौथाई अंक की कटौती की जाएगी. ऐसे में परीक्षार्थियों को सावधानीपूर्वक उत्तर देने की सलाह दी गई है.
मेरिट के आधार पर मिलेगा दाखिला
प्रवेश परीक्षा के परिणाम के बाद मेरिट सूची तैयार की जाएगी. इसी सूची के आधार पर राज्य के सरकारी और निजी शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में सीटों का आवंटन किया जाएगा. परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के कॉलेज में दाखिला मिलने की संभावना अधिक रहेगी.
136 बीएड कॉलेजों में उपलब्ध हैं हजारों सीटें
शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए राज्य के 136 बीएड महाविद्यालयों में करीब 13,600 सीटें उपलब्ध हैं. इसके अलावा एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों में भी नामांकन इसी परीक्षा के आधार पर किया जाएगा. ऐसे में यह परीक्षा हजारों युवाओं के शिक्षक बनने के सपने को नई दिशा देने वाली साबित होगी.