Jamshedpur Sports News: कोलकाता में 25 से 30 मई के बीच आयोजित लेक स्कूल रोइंग रेगाटा में टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (TSAF) रोइंग अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक अपने नाम किए. इंडोर और आउटडोर दोनों स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर झारखंड को गौरवान्वित किया.
इंडोर रोइंग प्रतियोगिता में जूनियर गर्ल्स वर्ग की श्रेया कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. वहीं सीनियर बॉयज़ वर्ग में सुकलाल टुडू ने कांस्य पदक हासिल कर अकादमी की झोली में एक और सफलता जोड़ी.
आउटडोर स्पर्धाओं में भी TSAF के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला. सीनियर बॉयज़ डबल स्कल इवेंट में सुकलाल टुडू और प्रदीप कुमार महतो की जोड़ी ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया. जूनियर गर्ल्स डबल स्कल स्पर्धा में श्रेया कुमारी और स्वेता ने रजत पदक जीता, जबकि जूनियर गर्ल्स कॉक्सलेस फोर वर्ग में मिमांसा, चित्रा, अव्या और मुस्कान की टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया.
अकादमी की इस उपलब्धि को खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोगी स्टाफ के समर्पण का परिणाम माना जा रहा है. यह सफलता युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में TSAF रोइंग अकादमी और उसके स्पोर्ट्स डेवलपमेंट पार्टनर की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है.
अकादमी लगातार उभरती प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.