Jamtara News : नारायणपुर थाना क्षेत्र के जदुडीह गांव के समीप शनिवार शाम स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार चार लोग मुरली पहाड़ी से सहरपुर लौट रहे थे, जबकि ट्रक नारायणपुर से गिरिडीह की ओर जा रहा था। जदुडीह गांव के पास दोनों वाहनों की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में घायल युवकों की पहचान सद्दाम हुसैन, वसीम भट्ट (24 वर्ष) और आशिक हुसैन (25 वर्ष) के रूप में हुई है।
ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।