Pakur News: पाकुड़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 48 घंटे के भीतर एक अज्ञात हत्याकांड का खुलासा कर दिया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए पत्थर को भी बरामद कर लिया है।
जंगल में मिला था शव, पहचान बनी चुनौती
28 मई 2026 को लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के बड़ा चटकम जंगल में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। शव की स्थिति खराब होने के कारण शुरुआती जांच में उसकी पहचान नहीं हो सकी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
वैज्ञानिक जांच से खुला राज, मृतक की हुई पहचान
एसआईटी ने मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के साथ वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र स्थित राजाभीटा निवासी 35 वर्षीय सुनील पहाड़िया के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पूछताछ में कबूला जुर्म, हथियार भी बरामद
लगातार छापेमारी अभियान के बाद पुलिस ने जलिया पहाड़िया और धर्मी पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि इस सफलता में एसडीपीओ पाकुड़ के नेतृत्व में गठित एसआईटी, लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस और सिमलोंग ओपी पुलिस की अहम भूमिका रही।