Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में 15 मई 2026 को डोंगाघाट, पुड़िसिलि के पास मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक की पहचान परसुडीह के किताडीह निवासी 21 वर्षीय मो. तौसीफ उर्फ राज के रूप में हुई थी। जांच में सामने आया कि उसकी हत्या चापड़ और भुजाली से बेहद निर्मम तरीके से की गई थी।
गुप्त सूचना पर पुलिस को मिली बड़ी सफलता
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर गठित विशेष टीम लगातार मामले की जांच कर रही थी। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अहमद जमील अंसारी को गिरफ्तार किया। आरोपी फिलहाल बिष्टुपुर के धतकीडीह क्षेत्र में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी पता बिहार के सीवान जिले में है।
कबूली जुर्म, हत्या में इस्तेमाल चापड़ बरामद
पूछताछ के दौरान अहमद जमील अंसारी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद कर लिया। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी के बाद कपाली क्षेत्र में उसे पैदल घुमाया गया, जिस दौरान लोगों ने पुलिस कार्रवाई की सराहना की।
जेल में बंद आरोपी को रिमांड पर लेगी पुलिस
जांच के दौरान इस हत्याकांड में साबीर अली उर्फ सोनू उर्फ सन्नू बच्चा की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार वह पहले से ही एक अन्य मामले में गिरफ्तार होकर जेल में बंद है। अब उसे इस हत्याकांड में रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी ताकि हत्या के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा हो सके।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड, टीम को मिली सफलता
गिरफ्तार आरोपी अहमद जमील अंसारी के खिलाफ पहले भी सोनारी थाना में आपराधिक मामला दर्ज है। इस पूरे मामले के खुलासे में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, अनुसंधानकर्ता हसनैन अंसारी, रंजीत कुमार सिंह तथा रिजर्व गार्ड की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चापड़ बरामद कर मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर दी है।