Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-01

Ranchi News : झारखंड में राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू, दो सीटों के लिए आज से नामांकन

Ranchi News :  झारखंड में राज्यसभा की दो रिक्त सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। अधिसूचना जारी होने के साथ ही उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया भी आरंभ हो गई है। चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ महागठबंधन और विपक्षी भाजपा ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।


महागठबंधन के पास विधानसभा में पर्याप्त संख्या बल होने के कारण दोनों सीटों पर उसकी स्थिति मजबूत मानी जा रही है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार पहली सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का उम्मीदवार उतारना लगभग तय है, जबकि दूसरी सीट पर कांग्रेस अपना दावा जता रही है। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गठबंधन सहयोगियों के बीच लगातार बातचीत चल रही है। दूसरी ओर भाजपा ने भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साह दिल्ली रवाना हो गए हैं।


शिबू सोरेन के निधन और दीपक प्रकाश का कार्यकाल पूरा होने से खाली हुईं सीटें


राज्यसभा की दो सीटें अलग-अलग कारणों से रिक्त हुई हैं। झामुमो के संरक्षक और वरिष्ठ आदिवासी नेता शिबू सोरेन के निधन के बाद एक सीट खाली हुई, जबकि भाजपा सांसद दीपक प्रकाश का कार्यकाल समाप्त होने के कारण दूसरी सीट पर चुनाव कराया जा रहा है। इन दोनों सीटों को भरने के लिए निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम घोषित किया है।


नामांकन के लिए 10 विधायकों के हस्ताक्षर अनिवार्य


चुनाव में हिस्सा लेने वाले उम्मीदवारों को नामांकन पत्र निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, लेकिन उन्हें जमानत राशि के रूप में 10 हजार रुपये जमा करने होंगे। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह राशि 5 हजार रुपये निर्धारित की गई है। इसके अलावा प्रत्येक उम्मीदवार के नामांकन पत्र पर कम से कम 10 विधायकों के हस्ताक्षर होना अनिवार्य होगा।


18 जून को मतदान और उसी दिन मतगणना


निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 1 जून से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है और उम्मीदवार 8 जून तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून नाम वापस लेने की अंतिम तिथि होगी। 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। पूरी चुनावी प्रक्रिया 20 जून को संपन्न हो जाएगी।

राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और आने वाले दिनों में विभिन्न दलों के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा के साथ चुनावी समीकरण और स्पष्ट होने की संभावना है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !