Ranchi News : पुरानी रांची इलाके में सोमवार तड़के करीब तीन बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक साथ खड़ी तीन कारों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तीनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक तीनों वाहनों को भारी नुकसान हो चुका था।
वाहन मालिक के सामने रोजी-रोटी का संकट
पीड़ित वाहन मालिक ने बताया कि इन कारों को भाड़े पर चलाकर परिवार का पालन-पोषण किया जाता था। घटना के बाद उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और उचित सहायता की मांग की है।
साजिश की आशंका, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि आगजनी की इस वारदात के पीछे किसी की साजिश हो सकती है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों और संभावित आरोपियों का पता लगाया जा सके।
पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।