Koderma News: कोडरमा में झुमरीतिलैया के चित्रगुप्त नगर में रहने वाली एक नीट अभ्यर्थी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान रुचि कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार सदमे में है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
डॉक्टर बनने का था सपना
जानकारी के अनुसार रुचि कुमारी अपने माता-पिता के साथ चित्रगुप्त नगर स्थित किराये के मकान में रहती थी. उसके पिता संजय कुमार सिंह बिहार के नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव के निवासी हैं और एलआईसी एजेंट के रूप में कार्यरत हैं.
परिजनों ने बताया कि रुचि शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी थी और डॉक्टर बनने का सपना देख रही थी. इसी लक्ष्य को लेकर वह री-नीट 2026 की तैयारी कर रही थी और ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से लगातार पढ़ाई कर रही थी.
परीक्षा को लेकर तनाव में थी छात्रा
परिवार के अनुसार नीट परीक्षा की तैयारी के लिए उसने लंबे समय तक मेहनत की थी और अच्छे परिणाम की उम्मीद भी थी. लेकिन पेपर लीक, पुनर्परीक्षा और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी परिस्थितियों के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी. परिजनों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से उसके व्यवहार में तनाव साफ दिखाई दे रहा था.
कमरे में अचेत अवस्था में मिली
बताया गया कि रविवार रात काफी देर तक रुचि अपने कमरे से बाहर नहीं निकली और भोजन के लिए भी नहीं आई. इस पर परिजनों को चिंता हुई. जब उसके पिता कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था.
काफी प्रयास के बाद जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो रुचि अचेत अवस्था में मिली. इसके बाद घटना की सूचना तत्काल तिलैया थाना पुलिस को दी गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
सोमवार को बिहार के चितरपुर स्थित मुक्तिधाम में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रुचि के पिता संजय कुमार सिंह ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रही थी और मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाना चाहती थी. उन्होंने कहा कि परिवार उसकी मानसिक स्थिति को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन इस घटना ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया.
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने भी रुचि को मेहनती और प्रतिभाशाली छात्रा बताते हुए दुख जताया है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.