Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-01

Jharkhand Politics: स्वास्थ्य व्यवस्था पर भाजपा पहले अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करे, फिर सवाल उठाए:- कांग्रेस

Jharkhand Politics: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भाजपा की ओर से किए जा रहे हमलों का कांग्रेस ने कड़ा जवाब दिया है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कहा है कि भाजपा को राज्य सरकार पर आरोप लगाने से पहले अपने शासनकाल के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र की वास्तविक स्थिति पर जनता को जवाब देना चाहिए.

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी कई चुनौतियां नई नहीं हैं, बल्कि वर्षों से चली आ रही हैं. उन्होंने दावा किया कि इनमें से अधिकांश समस्याएं भाजपा के लंबे शासनकाल की देन हैं. ऐसे में भाजपा का वर्तमान सरकार पर एकतरफा आरोप लगाना राजनीतिक अवसरवाद से अधिक कुछ नहीं है.

उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार काम कर रही है. सरकारी अस्पतालों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है तथा ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए कई योजनाओं पर काम हो रहा है.

राकेश सिन्हा ने भाजपा पर हर मुद्दे को राजनीतिक चश्मे से देखने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसी भी घटना को राजनीतिक रंग देना विपक्ष की पुरानी रणनीति रही है. जबकि सरकार का फोकस व्यवस्था में सुधार और समस्याओं के समाधान पर है. उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने के बजाय विपक्ष को रचनात्मक सुझाव देने चाहिए.

कांग्रेस ने इस दौरान केंद्र सरकार की स्वास्थ्य नीतियों पर भी सवाल खड़े किए. राकेश सिन्हा ने कहा कि देश में स्वास्थ्य सेवाओं पर सार्वजनिक खर्च बढ़ाने की आवश्यकता है. इलाज, दवाइयों और चिकित्सा सेवाओं की बढ़ती लागत आम लोगों के लिए चिंता का विषय बन चुकी है, लेकिन इन चुनौतियों के समाधान की दिशा में अपेक्षित प्रयास दिखाई नहीं दे रहे हैं.

उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि कई अस्पतालों द्वारा भुगतान में देरी की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं. इसके अलावा चिकित्सा उपकरणों और दवाओं पर कर संबंधी मुद्दों को लेकर भी केंद्र सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.

कांग्रेस ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और जहां भी कमियां हैं, उन्हें दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. पार्टी का मानना है कि जनता की प्राथमिकताएं विकास, रोजगार, शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं हैं. ऐसे में विपक्ष को भी केवल आलोचना करने के बजाय जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !