Giridih News: गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित कल्याणडीह में अवैध महुआ शराब कारोबार के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश सोमवार देर शाम खुलकर सामने आया। दर्जनों महिलाओं ने पचंबा थाना पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
कार्रवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन, महिलाओं ने पुलिस को दी चेतावनी
महिलाओं का आरोप है कि इलाके में खुलेआम महुआ शराब की बिक्री हो रही है, जिससे सामाजिक माहौल लगातार बिगड़ रहा है। उनका कहना है कि शराब के नशे में धुत लोग आए दिन हंगामा करते हैं, जिससे महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ गया है।
कल्याणडीह में अवैध शराब कारोबार पर भड़का जनाक्रोश, सड़क पर उतरीं महिलाएं
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि शराब कारोबार का विरोध करने पर तस्कर और उनके सहयोगी मारपीट करने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हैं। महिलाओं के अनुसार, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गडरमा से कल्याणडीह तक लगातार महुआ शराब की सप्लाई की जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
शराब तस्करों की धमकियों से परेशान ग्रामीण, कार्रवाई की मांग तेज
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार स्थानीय युवकों ने शराब लेकर जा रहे लोगों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन कथित तौर पर ऊंची पहुंच और संरक्षण का दावा कर आरोपी बच निकलते हैं। विरोध करने वालों को भी लगातार धमकियां दी जा रही हैं।
महुआ शराब के खिलाफ आंदोलन की हुंकार, महिलाओं ने प्रशासन को घेरा
थाना पहुंचीं महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि अवैध शराब कारोबार पर जल्द रोक नहीं लगाई गई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, अवैध शराब बिक्री बंद कराने और तस्करों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।