Adityapur News: आदित्यपुर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर युवा जनशक्ति मोर्चा आगामी 7 जून को आदित्यपुर आकाशवाणी चौक के समीप धरना एवं उपवास कार्यक्रम आयोजित करेगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय झा ने बताया कि संगठन लगातार जनता के अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई लड़ता रहा है। इसी क्रम में आदित्यपुर क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मोर्चा की प्रमुख मांगों में फुटपाथ दुकानदारों के लिए स्थायी दुकान की व्यवस्था, सभी 35 वार्डों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और डॉक्टरों की उपलब्धता, 24 घंटे नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा, 200 बेड के आधुनिक अस्पताल का निर्माण और गरीबों को निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा शामिल है।
इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में खेल मैदान, दिंदली हाट निर्माण, नियमित साफ-सफाई, सीवरेज और स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, निजी स्कूलों में गरीब बच्चों के लिए मुफ्त नामांकन, हाई मास्ट लाइट और सीसीटीवी लगाने की मांग भी रखी गई है।
अभय झा ने नशाखोरी पर रोक लगाने के लिए विजिलेंस टीम बनाने, नगर निगम ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने, राशन दुकानों से जुड़ी समस्याओं का समाधान और टाउन बस सेवा को सभी जिलों तक विस्तार देने की मांग की है।
उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे जनहित से जुड़े इस आंदोलन में शामिल होकर क्षेत्र के विकास की आवाज को मजबूत करें।