Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-03

Jamshedpur News: जमशेदपुर समाहरणालय में योजनाओं की समीक्षा, 15 जून तक धान उठाव का निर्देश, बुरूडीह डैम में केज कल्चर से शुरू होगा मत्स्य पालन

Jamshedpur Sonari Crime : सोनारी में नवमी की रात उपद्रवियों ने मचाया उत्पात, कई कारों के शीशे तोड़े, देखें VIDEO
Jamshedpur: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में सहकारिता, मत्स्य, पशुपालन, उद्यान, भूमि संरक्षण, जेएसएलपीएस एवं अन्य संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

धान अधिप्राप्ति और उठाव में तेजी लाने का निर्देश
सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने लेंपसों में 31 मार्च तक की गई धान अधिप्राप्ति तथा उसके ऑनलाइन अपलोड की स्थिति की जानकारी ली। जिन लेंपसों में धान की ऑनलाइन प्रविष्टि नहीं हो सकी है, उसके लिए विभाग से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। साथ ही लेंपसों में शेष लगभग 35 हजार क्विंटल धान का उठाव 15 जून तक मीलरों के माध्यम से सुनिश्चित करने को कहा गया।

दुग्ध संग्रहण बढ़ाने और नई समितियों के गठन पर जोर
जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में बहरागोड़ा क्षेत्र से प्रतिदिन लगभग 5000 लीटर दूध का संग्रहण किया जा रहा है। उपायुक्त ने दुग्ध संग्रहण एवं विपणन व्यवस्था का विस्तार करते हुए अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादकों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही नई सहकारी समितियों के निबंधन और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

बुरूडीह डैम में शुरू होगा केज कल्चर से मत्स्य पालन
मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने गत वर्ष वितरित मत्स्य स्पॉन, उससे हुए उत्पादन और वर्तमान वर्ष की कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने बुरूडीह डैम में केज कल्चर के माध्यम से मत्स्य पालन शुरू करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त ने जिले में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए कम से कम 10 मॉडल तालाब विकसित करने पर बल दिया।

योजनाओं के लाभुकों का होगा भौतिक सत्यापन
भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा में डीप बोरिंग, मिनी ट्रैक्टर एवं पंपसेट योजना के लाभुकों का भौतिक सत्यापन कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि लाभुक योजनाओं का प्रभावी उपयोग कर रहे हैं।

उद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर
उद्यान विभाग की समीक्षा के दौरान माली प्रशिक्षण कार्यक्रम से अधिकाधिक लाभुकों को जोड़ने, संभावित क्षेत्रों में नर्सरी विकसित करने तथा प्रशिक्षण प्राप्त लाभुकों की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने मधुमक्खी पालन, स्ट्रॉबेरी खेती और अन्य औद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।

किसानों को समय पर मिले केसीसी का लाभ
आगामी खरीफ मौसम को देखते हुए उपायुक्त ने एलडीएम को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) आवेदनों की स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने तथा स्वीकृत आवेदनों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसानों को समय पर वित्तीय सहायता मिल सके। पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत बकरा, सुकर, कुक्कुट एवं अन्य पशुधन का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि हो सके।

कई विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस, एलडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !