Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-03

Hazaribagh News : हजारीबाग में दो मासूमों की हत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी संजित पासवान गिरफ्तार

Hazaribagh News : कटकमदाग थाना क्षेत्र से लापता हुई 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची और उसके तीन वर्षीय भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी संजित पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। इस दोहरे हत्याकांड के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।


पुलिस के अनुसार 30 मई को बच्चों के पिता ने कटकमदाग थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी और बेटा ओला शोरूम के पास लक्ष्मी पेट्रोल पंप क्षेत्र से अचानक लापता हो गए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


श्मशान घाट से मिली बच्ची की लाश, कुएं से बरामद हुआ तीन वर्षीय भाई का शव


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। फुटेज में आरोपी बच्चों को स्कूटी पर बैठाकर ले जाता हुआ दिखाई दिया था।

जांच के दौरान 31 मई को कोर्रा थाना क्षेत्र के सिंदूर गांव स्थित श्मशान घाट से नाबालिग बच्ची का शव बरामद किया गया। इसके बाद चलाए गए सर्च अभियान में उसके तीन वर्षीय भाई का शव पास के एक कुएं से मिला। दोनों शवों की पहचान परिजनों ने की।

पुलिस पूछताछ में आरोपी संजित पासवान ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि वह बच्चों को घुमाने और मोबाइल दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया था। बाद में श्मशान घाट के पास दोनों की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शवों को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी समेत अन्य महत्वपूर्ण सामान भी बरामद कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच पूरी कर ली गई है और आरोपी के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

घटना के सामने आने के बाद हजारीबाग में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने आरोपी को फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !