Bokaro News : जिले के सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-12 मोड़ स्थित शराब दुकान में बीती रात चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने पुलिस पेट्रोलिंग खत्म होने के कुछ ही समय बाद दुकान को निशाना बनाते हुए नकदी और शराब की पेटियां लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, चोरी को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद वे दुकान के अंदर घुसे और गल्ले में रखे करीब 50 से 60 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
शराब की कई पेटियां भी ले जाने की आशंका
दुकान संचालक के अनुसार नकदी के अलावा शराब की भी चोरी हुई है। हालांकि फिलहाल दुकान में उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। स्टॉक सत्यापन पूरा होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चोर कितनी पेटी शराब अपने साथ ले गए हैं।
जांच में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे आसपास के फुटेज
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस इलाके में रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग होती है, वहां इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।