Seraikela: कपाली ओपी क्षेत्र के इस्लामनगर में जमीन संबंधी कार्य के दौरान अफसर नवाज पर हुई जानलेवा फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया रोड स्थित बड़ाबाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, 2 जून 2026 को दिन के करीब 1 बजे इस्लामनगर में जमीन का काम करा रहे अफसर नवाज पर जान मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। घटना के बाद पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मुख्य आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू की पहचान हुई, जिसके बाद उसे पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामलों में भी केस दर्ज हो चुके हैं।
छापेमारी टीम में शामिल थे ये अधिकारी
गिरफ्तारी अभियान में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह, अनुसंधानकर्ता हीरालाल मुंडू, टाइगर मोबाइल के आरक्षी बिपुल कुमार तिवारी, दस्तगीर आलम तथा तकनीकी शाखा के कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।