National News: NEET पेपर लीक मामले को लेकर सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विरोध अब सड़क पर उतरने जा रहा है. कोकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. संगठन की ओर से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जाएगी.
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपक ने घोषणा की है कि वह अपने समर्थकों के साथ जंतर-मंतर पहुंचेंगे और NEET पेपर लीक मामले को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे.
साइन अभियान के बाद आंदोलन का फैसला
बताया गया कि NEET पेपर लीक मामले को लेकर CJP की ओर से सोशल मीडिया पर साइन अभियान चलाया गया था. इसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लेते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया.
संगठन का कहना है कि ऑनलाइन अभियान के बाद अब इस मुद्दे को लेकर प्रत्यक्ष आंदोलन का फैसला लिया गया है. अभिजीत दीपक के अनुसार वह 6 जून को दिल्ली पहुंचकर समर्थकों के साथ प्रदर्शन करेंगे.
सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में जुड़े हैं समर्थक
CJP का दावा है कि संगठन से सोशल मीडिया के माध्यम से लाखों लोग जुड़े हुए हैं. संगठन के मुताबिक युवाओं के बीच यह अभियान तेजी से फैला है और अब इसे जमीनी स्तर पर आंदोलन का रूप दिया जा रहा है.
अब नजर इस बात पर होगी कि जंतर-मंतर पर होने वाला यह प्रदर्शन कितना बड़ा रूप लेता है और सरकार की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है.