Jamshedpur News: एमजीएम अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में एसी खराब होने के कारण मरीजों के साथ डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. भीषण गर्मी के बीच इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. सबसे ज्यादा परेशानी उन मरीजों को हो रही है, जिनकी हालत गंभीर है और जिन्हें लगातार निगरानी की जरूरत होती है.
अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल राहत के लिए वार्ड में स्टैंड फैन और दीवार वाले पंखों की व्यवस्था की है. इससे कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन मरीजों की बढ़ती संख्या और गर्म मौसम के कारण यह वैकल्पिक व्यवस्था पर्याप्त साबित नहीं हो रही है.
इमरजेंसी वार्ड में इन दिनों बड़ी संख्या में बुखार, उल्टी, सिरदर्द समेत अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं. इसके अलावा गंभीर स्थिति वाले मरीजों का इलाज भी इसी वार्ड में किया जाता है. एसी बंद रहने से वार्ड में गर्मी और उमस का माहौल बना हुआ है.
मरीजों के परिजनों के अनुसार, कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि उन्हें अपने मरीजों को राहत देने के लिए हाथ से पंखा झलना पड़ रहा है. अस्पताल जैसी जगह पर इमरजेंसी वार्ड की यह स्थिति मरीजों और उनके परिजनों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है.
अब मरीजों की नजर अस्पताल प्रबंधन पर है कि इमरजेंसी वार्ड की एसी व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराया जाता है या नहीं.