Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं. इस दौरान जनहित और व्यक्तिगत मामलों से जुड़े कई आवेदन प्रशासन को प्राप्त हुए.
राशन कार्ड से लेकर मुआवजा और बैंकिंग समस्याओं तक पहुंचे मामले
जन शिकायत निवारण दिवस में राशन कार्ड, डायलिसिस यूनिट में मरीजों के साथ दुर्व्यवहार, वृद्ध माता पिता के साथ बेटे बहू द्वारा अमानवीय व्यवहार, शिक्षा का अधिकार के तहत निजी विद्यालयों में नामांकन, पीएम विश्वकर्मा योजना में ऋण स्वीकृति, जलमीनार की मरम्मत, पक्का नाली निर्माण, निजी भूमि पर अतिक्रमण, मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने, बैंकिंग समस्याओं, म्यूटेशन, मुआवजा भुगतान, चिकित्सीय सहायता और बिजली पोल लगाने से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए.
सभी मामलों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश
उपायुक्त ने प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार त्वरित और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निष्पादन संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए.
आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता
उपायुक्त ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और शिकायतों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए.
जन शिकायत निवारण दिवस के माध्यम से जिला प्रशासन ने एक बार फिर लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान की दिशा में पहल की. उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई कर शिकायतकर्ताओं को जल्द राहत पहुंचाई जाए.