Seraikela: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने सभी आवेदकों से क्रमवार मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि अन्य मामलों के नियमानुसार और समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में उठे विभिन्न जनहित के मुद्दे
जनता दरबार में चिन्हित झारखंड आंदोलनकारियों के आश्रितों को सम्मान राशि प्रदान करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लंबित मामलों, ईचागढ़ क्षेत्र की मानिकुई-कटिया सड़क मरम्मत कार्य के दौरान धूल प्रदूषण रोकने के लिए नियमित पानी छिड़काव कराने, तमोलिया पंचायत में जाहेरस्थान की घेराबंदी कराने तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय आगासिया में मध्याह्न भोजन मद में कथित अनियमितता की जांच कराने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा भूमि विवाद, राशन कार्ड, पेंशन, पेयजल एवं अन्य जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों को भी उपायुक्त के समक्ष रखा गया।
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर जोर
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी विभागीय पदाधिकारियों को जनशिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।