Supreme Court Fair Trial Rights: सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम टिप्पणी करते हुए साफ कर दिया है कि किसी भी आरोपी को उसके खिलाफ अदालत में इस्तेमाल किए जा रहे दस्तावेजों से दूर नहीं रखा जा सकता. अदालत ने कहा कि निष्पक्ष सुनवाई हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और ऑफिसियल सीक्रेट एक्ट यानी OSA का हवाला देकर भी इस अधिकार को सीमित नहीं किया जा सकता.
मेजर जनरल वी.के. सिंह मामले में केंद्र सरकार को मिला निर्देश
यह टिप्पणी न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति अतुल एस. चंदुरकर की पीठ ने एक मामले की सुनवाई के दौरान की. अदालत ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया कि कथित गोपनीय दस्तावेज मेजर जनरल वी.के. सिंह (सेवानिवृत्त) को उपलब्ध कराए जाएं. उनके खिलाफ ऑफिसियल सीक्रेट एक्ट के तहत मुकदमा चल रहा है और बचाव की प्रक्रिया के लिए इन दस्तावेजों तक पहुंच जरूरी है.
आरोपी के खिलाफ इस्तेमाल हो रहे साक्ष्य छिपाना उचित नहीं
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर किसी दस्तावेज का इस्तेमाल अदालत में आरोपी के खिलाफ किया जा रहा है, तो उसकी प्रति आरोपी को मिलनी चाहिए. ऐसा नहीं होने पर वह अपने बचाव को प्रभावी ढंग से पेश नहीं कर पाएगा. अदालत के अनुसार, दस्तावेजों को रोकना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिले निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार का उल्लंघन माना जाएगा.
OSA क्या है और क्यों महत्वपूर्ण माना जाता है
ऑफिसियल सीक्रेट एक्ट देश की सुरक्षा और संवेदनशील सरकारी सूचनाओं की रक्षा के लिए बनाया गया कानून है. इसका उद्देश्य ऐसी गोपनीय जानकारियों को सुरक्षित रखना है, जिनका संबंध राष्ट्रीय सुरक्षा, संप्रभुता और रणनीतिक हितों से होता है.
सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा के लिए बना है यह कानून
यह कानून किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति गोपनीय सरकारी दस्तावेज हासिल करने, देखने या साझा करने से रोकता है. इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि देश से जुड़ी संवेदनशील सूचनाएं किसी दुश्मन देश या बाहरी ताकतों के हाथ न लगें. यह कानून सरकारी कर्मचारियों के साथ साथ आम नागरिकों पर भी लागू होता है. इतना ही नहीं, भारत के खिलाफ जासूसी गतिविधियों में शामिल विदेशी नागरिकों पर भी इसके प्रावधान लागू किए जा सकते हैं.
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सबसे महत्वपूर्ण है. अदालत का मानना है कि किसी भी आरोपी को अपना पक्ष मजबूती से रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए और इसके लिए जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराना न्याय के मूल सिद्धांतों का हिस्सा है.