Gamharia : क्रॉस लिमिटेड यूनिट-5 के समीप देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त होकर टूट गया, जिससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई। घटना के बाद खबर लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति बाधित रही और विद्युत विभाग द्वारा मरम्मत कार्य जारी था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण खंभा टूटकर समीप स्थित बाउंड्री वॉल के सहारे लटक गया। हादसे के बाद खंभे में शॉर्ट सर्किट भी हो गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
सुरक्षा के मद्देनजर बंद की गई बिजली आपूर्ति
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची। किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए विभाग ने एहतियातन उषा मोड़ से लेकर प्रभावित क्षेत्र तक की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। बिजली गुल होने से भीषण गर्मी के बीच स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं विद्युत विभाग की टीम क्षतिग्रस्त खंभे को बदलकर जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी हुई है।