जमशेदपुर (बागबेड़ा)अनुग्रह नारायण सिंह शिक्षण एवं सेवा संस्थान, बागबेड़ा कॉलोनी की ओर से बिहार विभूति अनुग्रह नारायण सिंह की जयंती के अवसर पर आगामी 18 जून को जयंती सह प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम संस्थान परिसर में आयोजित होगा।
समारोह में अनुग्रह बाबू की कीर्ति को स्मरण करते हुए बागबेड़ा क्षेत्र के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। ऐसे छात्र-छात्राएं जिन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। यह चयन ICSE, CBSE एवं JAC बोर्ड के छात्रों में से किया गया है। फिलहाल 9 स्कूलों के कुल 24 मेधावी विद्यार्थियों की सूची तैयार हो चुकी है।
समारोह में चयनित छात्र-छात्राओं द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी जाएंगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित करना और छोटे बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना है, ताकि बागबेड़ा क्षेत्र में शैक्षणिक वातावरण और अधिक समृद्ध हो सके तथा क्षेत्र की युवा पीढ़ी हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त कर बागबेड़ा का नाम रोशन करे।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि स्थानीय सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, पोटका के विधायक संजीव सरदार तथा ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह शिरकत करेंगे। इसके अलावा संस्था के संरक्षकगण — शंभू सिंह, चंद्रगुप्त सिंह, विमल सिंह, अजय सिंह, शिव शंकर सिंह और आर.बी.बी. सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्थान के अध्यक्ष अखिलेश्वर सिंह, महासचिव सीएसपी सिंह तथा सचिव डॉ. कविता परमार उपस्थित थीं।