Seraikela: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरसावां विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी-सह-एसडीओ सरायकेला अभिनव प्रकाश तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की मैपिंग पूरी तरह पारदर्शी, तथ्याधारित और त्रुटिरहित होनी चाहिए। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम संबंधित बूथ और मतदाता सूची से सही रूप से जुड़ा होना आवश्यक है।
SIR लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने का अभियान
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण केवल निर्वाचन विभाग का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाने का एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अभियान है। उन्होंने राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों से आम लोगों तक SIR की प्रक्रिया, उद्देश्य और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूट न जाए और केवल सत्यापित मतदाता ही सूची में शामिल हों।
बीएलओ और बीएलए की भूमिका अहम
बैठक में उपायुक्त ने बीएलओ (Booth Level Officer) और बीएलए (Booth Level Agent) की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलए की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा उनकी सूची 10 जून 2026 तक उपलब्ध कराने का आग्रह किया। बैठक के दौरान दावा-आपत्ति की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, अनमैप्ड मतदाताओं को जोड़ने तथा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की प्रक्रिया की भी विस्तृत जानकारी दी गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान किया गया तथा उनके सुझाव भी प्राप्त किए गए।
SIR कार्यक्रम की महत्वपूर्ण तिथियां
अर्हता तिथि
01 अक्टूबर 2026
कार्यक्रम का विस्तृत कैलेंडर
तैयारी एवं प्रशिक्षण
20 जून 2026 से 29 जून 2026 तक
बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन अभियान
30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक
मतदान केंद्रों का रैशनलाइजेशन
29 जुलाई 2026 तक
ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन
05 अगस्त 2026
दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि
05 अगस्त 2026 से 04 सितंबर 2026 तक
दावा-आपत्तियों का निष्पादन
05 अगस्त 2026 से 03 अक्टूबर 2026 तक
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
07 अक्टूबर 2026
SIR कार्यक्रम की महत्वपूर्ण तिथियां
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों, राजनीतिक दलों और नागरिकों का सहयोग आवश्यक है, ताकि जिले की मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जा सके।