West Bengal News: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड मामले में गिरफ्तार शूटर मन्नु सिंह को सीबीआई ने कोलकाता की विशेष अदालत में पेश किया है. सीबीआई की टीम आरोपी को पूछताछ के लिए ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी करने के बाद कोलकाता लेकर पहुंची थी.
जांच के लिए गठित विशेष टीम मन्नु सिंह को गुरुवार देर रात कोलकाता लाई थी. शुक्रवार को अदालत में पेशी के दौरान सीबीआई ने आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की अनुमति मांगी है. अदालत ने फिलहाल रिमांड याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा है.
गिरफ्तारी से बचने के लिए पुराने मामले में किया था सरेंडर
जानकारी के अनुसार, मन्नु सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए बलिया में दर्ज एक पुराने मामले में आत्मसमर्पण कर दिया था. इसके बाद सीबीआई ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे अपने कब्जे में लिया और 5 जून को कोलकाता लेकर पहुंची.
सीबीआई अब आरोपी से हत्याकांड की साजिश, अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अहम तथ्यों को लेकर पूछताछ करना चाहती है.
मामले में अब तक 10वीं गिरफ्तारी
चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच सीबीआई कर रही है. मन्नु सिंह की गिरफ्तारी इस मामले में दसवीं गिरफ्तारी बताई जा रही है. जांच एजेंसी अब पूरे नेटवर्क और हत्याकांड के पीछे की साजिश को सामने लाने में जुटी है.