Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-07

Odisha Vigilance Raid: ओडिशा विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, आईटीडीए के एईई के बैंक लॉकरों से 2 करोड़ रुपये नकद बरामद, नोटों की गिनती जारी

Odisha Vigilance Raid: ओडिशा के कंधमाल जिले के बालिगुड़ा में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस की कार्रवाई के दौरान आईटीडीए बालिगुड़ा के सहायक कार्यपालक अभियंता (AEE) बैकुंठनाथ बेहरा के बैंक लॉकर से करीब 2 करोड़ रुपये नकद बरामद होने की बात सामने आई है. बरामद नकदी की गिनती बैंक मशीनों के जरिए की जा रही है.

विजिलेंस टीम ने बैकुंठनाथ बेहरा के खिलाफ विशेष न्यायालय के आदेश पर बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया. जांच के दौरान अधिकारियों को संपत्तियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं. अब बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा रहा है.

पत्नी के नाम दो बैंक लॉकरों की भी जांच
जांच में यह भी पता चला है कि बैकुंठनाथ बेहरा की पत्नी के नाम पर एक्सिस बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में दो लॉकर हैं. विजिलेंस टीम इन लॉकरों की भी जांच कर रही है.

इसके अलावा अधिकारियों ने उनके रिश्तेदारों के ठिकानों पर भी दबिश दी है. मयूरभंज के बारीपदा और जाजपुर के धर्मशाला स्थित रिश्तेदारों के घरों की तलाशी ली जा रही है. आशंका जताई जा रही है कि कुछ संपत्तियां रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई हो सकती हैं.

कई अधिकारियों की टीम ने चलाया अभियान
भुवनेश्वर स्थित विशेष विजिलेंस न्यायालय के आदेश पर हुई इस कार्रवाई में 2 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 5 डीएसपी, 6 इंस्पेक्टर समेत बड़ी संख्या में विजिलेंस कर्मी शामिल रहे. कई घंटों तक चली जांच के दौरान अधिकारियों ने दस्तावेजों और अन्य सामानों को खंगाला.

प्रमोशन के तीन महीने बाद कार्रवाई से विभाग में हलचल
बैकुंठनाथ बेहरा ने नवरंगपुर, उदला, डाबूगांव समेत विभिन्न आईटीडीए कार्यालयों में लंबे समय तक सेवा दी थी. वर्ष 2016 में उन्हें सहायक अभियंता बनाया गया था. इसके बाद 12 फरवरी 2026 को उन्हें सहायक कार्यपालक अभियंता (AEE) पद पर पदोन्नति मिली थी.

प्रमोशन के महज तीन महीने बाद विजिलेंस की इस कार्रवाई से विभाग में चर्चा तेज हो गई है. फिलहाल विजिलेंस टीम मामले की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !