Jharkhand News: बुढ़मू थाना क्षेत्र के उमेडंडा निवासी और बिजली विभाग में कार्यरत राहुल कुमार (28) के साथ शनिवार रात करीब 8 बजे मारपीट की घटना हुई। हमले में राहुल के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बुढ़मू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रिम्स रेफर कर दिया गया।
रास्ते में रोककर किया विवाद, बिल को लेकर जताई नाराजगी
पीड़ित राहुल कुमार के अनुसार, वह पावर हाउस से कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान नाउज गांव के पास डुंडु गांव निवासी रवि कुमार ने उन्हें रोक लिया। रवि का आरोप था कि उसके नाम पर 9 लाख 10 हजार 663 रुपये का बिजली बिल आया है, जिसके लिए राहुल जिम्मेदार हैं।
समझाने की कोशिश नाकाम, कई लोगों ने मिलकर की पिटाई
राहुल ने बताया कि उन्होंने रवि को समझाया कि बिजली बिल से संबंधित शिकायत का आवेदन देने पर जांच कर सुधार कराया जा सकता है। लेकिन रवि ने उनकी बात नहीं मानी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रवि ने अपने गांव से कुछ अन्य लोगों को बुला लिया और सभी ने मिलकर राहुल के साथ मारपीट की।
जान से मारने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित का कहना है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना मिलने पर बुढ़मू पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक राहुल के साथ काफी मारपीट हो चुकी थी। पुलिस ने घायल विद्युतकर्मी को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बढ़े बिजली बिल को लेकर क्षेत्र में बढ़ रहा आक्रोश
राहुल कुमार ने बुढ़मू थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इधर, क्षेत्र में हाल के दिनों में अधिक बिजली बिल आने की शिकायतों को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ी हुई है। कई ग्रामीण स्मार्ट मीटर को बढ़े हुए बिजली बिल का कारण बता रहे हैं। इसी नाराजगी के बीच यह हिंसक घटना सामने आई है।