Jamshedpur News : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर हटिया-टाटा पैसेंजर ट्रेन के खाली रैक से एक अज्ञात महिला अचेत अवस्था में बरामद की गई। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं और वह बार-बार बेसुध हो रही थी। उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल महिला अपना नाम और पता बताने की स्थिति में नहीं है।
यार्ड ले जाने से पहले कर्मचारियों की पड़ी नजर
जानकारी के अनुसार हटिया-टाटा पैसेंजर ट्रेन के टाटानगर पहुंचने के बाद जब खाली रैक को यार्ड ले जाने की तैयारी की जा रही थी, तभी रेलवे कर्मचारियों की नजर एक महिला पर पड़ी, जो कोच के अंदर अचेत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी को दी गई।
मौके पर पहुंची रेल पुलिस ने महिला को ट्रेन से बाहर निकाला और उसकी पहचान जानने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ भी बताने में असमर्थ रही।
पहले सदर अस्पताल, फिर एमजीएम रेफर
महिला को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल महिला को अस्पताल के गायनिक वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में महिला की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
दुष्कर्म की आशंका पर भी जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
महिला की हालत को देखते हुए दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। इस संबंध में रेल पुलिस ने मेडिकल जांच कराने का अनुरोध किया है, ताकि घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा सके।
टाटानगर रेल एसपी अजीत कुमार ने बताया कि ट्रेन के खाली रैक से घायल महिला मिली है। उसका इलाज और मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए रेल पुलिस हटिया-टाटा पैसेंजर ट्रेन के टाटानगर पहुंचने के दौरान के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला ट्रेन में कब और कैसे पहुंची तथा उसके साथ कोई अप्रिय घटना हुई है या नहीं।
फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।