Jamshedpur News: बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना के 11 वर्ष बाद भी पूरा नहीं होने पर ग्राम विकास संघर्ष समिति ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। रविवार को कीताडीह स्थित यादव क्लब में पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजना की धीमी प्रगति और लगातार हो रही देरी पर नाराजगी जताई गई।
जून के पहले सप्ताह में जलापूर्ति शुरू करने का था वादा, पानी का इंतजार जारी
बैठक में बताया गया कि 22 मार्च 2026 को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने जून के पहले सप्ताह तक योजना पूरी कर जलापूर्ति शुरू कराने का आश्वासन दिया था। हालांकि 7 जून तक भी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है।
11 साल में कई डेडलाइन, हर बार अधूरा रहा वादा
समिति के सदस्यों ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में विभाग की ओर से कई बार समय-सीमा तय की गई, लेकिन हर बार वादे अधूरे ही रहे। भीषण गर्मी के बीच बागबेड़ा और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोग पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं।
14 जून को टाटानगर स्टेशन चौक पर होगा अनशन
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि योजना पूरी होने तक चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। आंदोलन के पहले चरण के तहत 14 जून 2026 को टाटानगर स्टेशन चौक पर एक दिवसीय अनशन आयोजित किया जाएगा।
बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाजसेवी हुए शामिल
इस बैठक में नीरज सिंह, श्याम किशोर, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, शिवजी सिंह, भोला यादव, सुरेश निषाद, मुदिता सिंह, डी.एन. सिंह, एस.एल. रावत, सुरेंद्र राय, कमलेश साह, भावनाथ सिंह, गुरमेल सिंह, श्रीराम शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।