Adityapur: आरआईटी थाना क्षेत्र के कुलूपटांगा में रविवार को जमीन विवाद को लेकर तनाव उस समय बढ़ गया, जब एक महापंचायत के बाद स्थिति हिंसक हो गई। जानकारी के अनुसार, भूमिज मुंडा महापंचायत सह आदिवासी भूमि बचाओ सभा के समापन के बाद एक उग्र भीड़ ने वहां संचालित सनराइज हेरिटेज प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन साइट पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान भीड़ ने बिल्डर सूरज भदानी के कार्यालय में तोड़फोड़ की। साथ ही परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे, एक जेसीबी मशीन और निर्माणाधीन चहारदीवारी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया गया है कि कुछ लोगों द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई।
जमीन को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे
विवादित भूमि को लेकर दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं। बिल्डर सूरज भदानी का कहना है कि उनके पास संबंधित जमीन के सभी वैध दस्तावेज और स्वीकृत नक्शा उपलब्ध हैं तथा निर्माण कार्य नियमानुसार कराया जा रहा है। वहीं, दूसरे पक्ष के राजू सरदार का दावा है कि यह जमीन उनके पूर्वजों की है और उनका परिवार वर्ष 1964 से इस भूमि पर खेती करता आ रहा है। उन्होंने भूमि अभिलेखों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच और न्याय की मांग की है।
पहले से दी गई थी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल को योगेंद्र शर्मा उर्फ मुन्ना शर्मा के पुत्र द्वारा निर्माणाधीन साइट पर उपद्रव किए जाने की शिकायत आरआईटी थाना को मिली थी। मामले में पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए संबंधित पक्ष को थाना बुलाया और सख्त चेतावनी देकर बाउंड भरवाने के बाद छोड़ दिया था। इसके बाद 30 अप्रैल को भी राजू सरदार द्वारा साइट पर उपद्रव किए जाने की शिकायत सामने आई थी। उस समय भी पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए संबंधित पक्ष को कड़ी हिदायत देकर छोड़ दिया था।
सूत्रों के अनुसार, राजू सरदार एवं उनके कुछ सहयोगियों द्वारा बिल्डर से 15 फ्लैट की मांग किए जाने का भी आरोप है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, रविवार देर शाम हुई घटना को लेकर बताया जा रहा है कि बिल्डर ने एक दिन पूर्व ही संभावित विवाद और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका की सूचना थाना प्रभारी को दे दी थी। इसके बावजूद एहतियाती तौर पर कोई विशेष सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। आरोप है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए जाने के कारण बाद में स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। बिल्डर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने योगेंद्र शर्मा उर्फ मुन्ना शर्मा, सचिन शर्मा, राजू सरदार, टिकू सरदार सहित कई नामजद एवं अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।