Jaipur Nurani Mosque Seal: राजस्थान की राजधानी जयपुर के नंदपुरी इलाके में सोमवार सुबह प्रशासन ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बड़े स्तर पर अतिक्रमण विरोधी अभियान शुरू किया। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने नंदपुरी अंडरपास के पास स्थित नूरानी मस्जिद को सील कर उसके ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी।
80 फीट सड़क बनाने की तैयारी, पांच धार्मिक ढांचे दायरे में
प्रशासन के अनुसार मालवीय नगर से जगतपुरा तक जाने वाली मुख्य सड़क को चौड़ा करने की योजना के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में 25-30 फीट चौड़ी सड़क को 80 फीट तक विस्तारित किया जाना है। इस परियोजना के तहत नूरानी मस्जिद के अलावा दो मंदिर, एक सत्संग हॉल और एक मजार भी प्रभावित हो रहे हैं।
इंटरनेट बंद, 3 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
संवेदनशील स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 50 से अधिक प्रशासनिक अधिकारियों और 3,000 से ज्यादा पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। साथ ही शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च भी निकाला गया।
अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती, सोशल मीडिया पर नजर
जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने चेतावनी दी है कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या भ्रामक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की साइबर टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रख रही है और लोगों से अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है।
कार्रवाई पर सियासत तेज, कांग्रेस ने उठाए सवाल
इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस विधायक रफीक खान ने ध्वस्तीकरण पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि नूरानी मस्जिद निर्धारित नियमों और बिल्डिंग बायलॉज के अनुसार बनी थी। वहीं, सड़क चौड़ीकरण में देरी को लेकर सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों के बीच प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।