Jamshedpur News: एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित डॉल्फिन क्लब में रविवार रात आयोजित पूल पार्टी उस समय हंगामे में बदल गई, जब दो गुटों के बीच शुरू हुई कहासुनी मारपीट तक पहुंच गई। घटना के बाद क्लब परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पार्टी में मौजूद लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागना पड़ा।
300 से ज्यादा युवक-युवतियों की मौजूदगी में भड़का विवाद
एक निजी संस्था की ओर से आयोजित इस पूल पार्टी में 300 से अधिक युवक-युवतियां शामिल हुए थे। दोपहर से शुरू हुआ कार्यक्रम देर रात तक चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
पूल पार्टी में बेकाबू हुए दोनों गुट, सुरक्षा व्यवस्था हुई बेअसर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे बरसाए। झड़प में कुछ युवतियां भी शामिल थीं। मारपीट के दौरान क्लब के सुरक्षाकर्मियों ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक हंगामा जारी रहा।
मारपीट में युवती समेत तीन घायल, क्लब में तोड़फोड़ से मचा हड़कंप
घटना में एक युवती समेत तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, झड़प के दौरान क्लब परिसर में तोड़फोड़ की भी बात सामने आई है। घटना से पार्टी का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया और लोगों में दहशत फैल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कराया मामला शांत
सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने एक युवती समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में कई लोगों के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।