Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम में अवैध पार्किंग, सड़क अतिक्रमण और अव्यवस्थित ऑटो परिचालन पर अब प्रशासन सख्ती दिखाएगा। उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में चौक-चौराहों पर बढ़ती अव्यवस्था और यातायात बाधित होने की समस्या पर चर्चा की गई। प्रशासन ने सड़क किनारे लगे ठेला-गुमटी समेत अस्थायी अतिक्रमणों को चरणबद्ध तरीके से हटाने और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
ऑटो स्टैंड होंगे आधुनिक, रूटवार चलेगी व्यवस्था
शहर में ऑटो परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए साकची ऑटो स्टैंड को बेहतर सुविधाओं से लैस किया जाएगा। रूटवार और जोनवार ऑटो स्टैंड चिन्हित किए जाएंगे तथा शेड, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही ऑटो चालकों के लिए ड्रेस कोड, किराया सूची प्रदर्शन और सुरक्षा मानकों के पालन को अनिवार्य बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
मॉल और बाजार क्षेत्रों में पार्किंग व अतिक्रमण पर फोकस
प्रशासन ने शहर में पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए नए स्थलों की पहचान करने का निर्णय लिया है। पीएम मॉल के बाहर संचालित पार्किंग को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने और बिंदल मॉल के बाहर सर्विस रोड पर पार्किंग रोकने पर चर्चा हुई। वहीं साकची बाजार में सड़क तक फैले हॉकर्स के अतिक्रमण को हटाकर वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना पर भी विचार किया गया।
नदी-नालों से हटेगा अतिक्रमण, बनेगी विशेष टास्क फोर्स
नदी-नालों और सार्वजनिक स्थलों पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए नियमित अभियान चलाने हेतु विशेष टास्क फोर्स गठित की जाएगी। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को सूचना दी जाए और पूरी प्रक्रिया नियमानुसार हो। घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासनिक कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।