Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-09

Cabinet Reshuffle: राज्यसभा चुनाव के बाद मोदी कैबिनेट में बड़े बदलाव के संकेत, कई मंत्रियों की जिम्मेदारी बदलने की चर्चा

Cabinet Reshuffle: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में जल्द ही बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है. सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि 18 जून को राज्यसभा की 26 सीटों के लिए होने वाले चुनाव के बाद मंत्रिमंडल में व्यापक बदलाव किए जा सकते हैं. माना जा रहा है कि इस बार कई मंत्रियों की जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं, जबकि कुछ चेहरों की सरकार से विदाई भी हो सकती है.
विधानसभा चुनावों की तैयारी के बीच भाजपा बना रही नई रणनीति
सूत्रों के मुताबिक भाजपा अगले साल उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति को नए सिरे से तैयार कर रही है. इसी कड़ी में केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है.

चर्चा है कि कुछ वरिष्ठ नेताओं को संगठन में नई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. वहीं कई मंत्रालयों में फेरबदल कर नए समीकरण साधने की कोशिश की जा सकती है. बताया जा रहा है कि कुछ मंत्रियों को चुनावी राज्यों में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है.

कई मंत्रियों की भूमिका बदल सकती है
राजनीतिक हलकों में ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि कुछ कैबिनेट मंत्रियों और कई राज्य मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकता है. कुछ नेताओं को मंत्रिपरिषद से बाहर कर संगठन में भेजे जाने की भी चर्चा है.

सूत्रों के अनुसार कई ऐसे मंत्री हैं, जिनका राज्यसभा कार्यकाल समाप्ति की ओर है. ऐसे नेताओं को इस साल के अंत तक या फिर 2027 की शुरुआत में पार्टी संगठन में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है. इनमें कुछ ऐसे वरिष्ठ नेता भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिनकी उम्र 70 वर्ष या उससे अधिक है. पार्टी नए चेहरों को अवसर देकर आने वाले चुनावों के लिए नई टीम तैयार करने पर विचार कर रही है.

सहयोगी दलों को भी मिल सकता है ज्यादा प्रतिनिधित्व
माना जा रहा है कि संभावित फेरबदल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सहयोगी दलों को भी अधिक प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है. चर्चा है कि जनता दल यूनाइटेड और तेलुगु देशम पार्टी को इसका सबसे ज्यादा लाभ मिल सकता है.

इसके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेताओं को भी मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है. माना जा रहा है कि इनमें से कुछ नेताओं को राज्यमंत्री का पद दिया जा सकता है. इससे गठबंधन के भीतर संतुलन और मजबूत करने की कोशिश की जाएगी.

दक्षिण भारत पर भी भाजपा की खास नजर
सूत्रों के अनुसार भाजपा दक्षिण भारतीय राज्यों में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है. इसी वजह से एक वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री को संगठन की जिम्मेदारी देकर दक्षिण भारत में पार्टी के विस्तार की कमान सौंपी जा सकती है. हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

राज्यसभा चुनाव के बाद लिया जा सकता है अंतिम फैसला
बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार फिलहाल 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित किए हुए है. इन चुनावों के बाद ही मंत्रिमंडल में संभावित बदलावों को अंतिम रूप दिया जा सकता है.

18 जून को राज्यसभा की 26 सीटों के लिए मतदान होना है. इनमें कर्नाटक, गुजरात और आंध्र प्रदेश की चार चार सीटें शामिल हैं. मध्य प्रदेश और राजस्थान से तीन तीन सीटों पर चुनाव होंगे. झारखंड में दो सीटों के लिए मतदान होगा. वहीं मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक एक सीट पर चुनाव कराया जाएगा.
इसके अलावा महाराष्ट्र और तमिलनाडु की एक एक सीट पर उपचुनाव भी प्रस्तावित है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !