Jharkhand News: झारखंड राज्य निर्माण में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर बुधवार को राजधानी में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में आंदोलनकारी मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए सड़कों पर उतरे.
आंदोलनकारियों का कहना है कि राज्य गठन के 25 साल पूरे होने के बाद भी कई वास्तविक आंदोलनकारियों को उनका हक नहीं मिल पाया है. उनका आरोप है कि सरकार की ओर से कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन अब तक पेंशन समेत अन्य सुविधाएं पूरी तरह लागू नहीं हो सकी हैं.
पेंशन और सरकारी सुविधाओं को लेकर नाराजगी
प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों ने कहा कि जिन लोगों ने अलग राज्य के लिए लंबा संघर्ष किया, वही आज अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं. उन्होंने सरकार से लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की.
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में सम्मानजनक पेंशन व्यवस्था, सभी पात्र आंदोलनकारियों की पहचान और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना शामिल है.
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री आवास और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है. प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे और आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े.