Jharkhand Weather Alert: झारखंड में मानसून की रफ्तार बढ़ गई है. राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में तेज बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में मानसून राज्य के शेष हिस्सों में भी आगे बढ़ सकता है. पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. इस दौरान सबसे अधिक 37.2 मिमी बारिश दुमका में रिकॉर्ड की गई.
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
10 जून के लिए धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग और रामगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है.
वहीं 11 और 12 जून को रांची, खूंटी, धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग और रामगढ़ में भी मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट रहेगा. अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 12 जून को दुमका, जामताड़ा, देवघर, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है.
रांची और आसपास के इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. अगले एक सप्ताह तक बादल छाए रहने, गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी.
गर्मी से मिलेगी राहत
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. पिछले 24 घंटों में पलामू के डालटनगंज में राज्य का सबसे अधिक तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में सबसे कम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद चार दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.