Ranchi News : सफायर इंटरनेशनल स्कूल के छात्र बिनय कुमार महतो की मौत मामले में एक नया कानूनी मोड़ सामने आया है। सीबीआई द्वारा दाखिल क्लोजर रिपोर्ट के खिलाफ मृतक के पिता मनबहाल महतो ने एसडीजेएम की अदालत में प्रोटेस्ट पिटीशन दायर की है। उन्होंने जांच एजेंसी की रिपोर्ट पर असंतोष जताते हुए मामले की पुनः समीक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सीबीआई की जांच पर जताया असंतोष
प्रोटेस्ट पिटीशन में मनबहाल महतो ने सीबीआई की जांच और उसके निष्कर्षों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की समुचित जांच नहीं की गई और कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अभी भी स्पष्टता नहीं है। अदालत में इस याचिका पर आंशिक सुनवाई हुई, जबकि बहस की प्रक्रिया जारी है।
सीबीआई ने क्लोजर रिपोर्ट में हादसे की जताई थी आशंका
सीबीआई ने हाल ही में अदालत में अपनी क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करते हुए कहा था कि जांच के दौरान किसी व्यक्ति की संलिप्तता या हत्या की साजिश के ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। एजेंसी ने उपलब्ध तथ्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर इस घटना को संभावित रूप से "एक्सीडेंटल डेथ" यानी दुर्घटनावश हुई मौत माना है।
गौरतलब है कि 5 फरवरी 2016 को सफायर इंटरनेशनल स्कूल परिसर में 13 वर्षीय बिनय महतो की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद यह मामला लंबे समय तक चर्चा में रहा और परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई को सौंपी गई थी जांच
झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर वर्ष 2022 में मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। चार वर्षों से अधिक समय तक चली वैज्ञानिक, तकनीकी और दस्तावेजी जांच के बाद एजेंसी ने अपनी क्लोजर रिपोर्ट अदालत में दाखिल की थी। अब पिता द्वारा दायर प्रोटेस्ट पिटीशन के बाद मामले की कानूनी प्रक्रिया एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
अदालत में जारी बहस के बीच मामले की अगली सुनवाई शुक्रवार को निर्धारित की गई है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि अदालत सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार करती है या प्रोटेस्ट पिटीशन पर विचार करते हुए आगे की जांच या अन्य कानूनी कार्रवाई का निर्देश देती है।