Ranchi News : झारखंड के पूर्व डीजीपी नीरज सिन्हा के नाम पर एक बार फिर साइबर अपराधियों ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजनी शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि इस फेक प्रोफाइल के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश की जा सकती है।
डीजीपी कार्यकाल की तस्वीर का किया गया इस्तेमाल
जानकारी के अनुसार साइबर अपराधियों ने फर्जी फेसबुक प्रोफाइल में नीरज सिन्हा के डीजीपी कार्यकाल की तस्वीर का इस्तेमाल किया है, जिससे लोगों को भ्रमित किया जा सके। इस संबंध में पूर्व डीजीपी ने स्वयं लोगों को आगाह करते हुए कहा है कि कोई भी व्यक्ति इस संदिग्ध आईडी से आने वाली फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करे।
यह पहला मौका नहीं है जब उनके नाम का दुरुपयोग किया गया हो। इससे पहले भी साइबर अपराधियों ने उनके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को ठगने का प्रयास किया था। उस मामले में धुर्वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी और पुलिस ने जांच भी शुरू की थी।
जिला पुलिस और साइबर थाना को दी गई जानकारी
पूर्व डीजीपी ने इस नए मामले की जानकारी जिला पुलिस और सीआईडी के साइबर थाना को दे दी है। उन्होंने संबंधित एजेंसियों से फर्जी आईडी संचालित करने वाले अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
सोशल मीडिया के जरिए बढ़ रहे साइबर अपराध
हाल के दिनों में साइबर अपराधी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बना रहे हैं। मोबाइल हैकिंग, मोबाइल खोने के बाद बैंक खातों से पैसे निकालने, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर पैसे मांगने और ऑनलाइन ठगी के कई मामले लगातार सामने आ रहे हैं। साइबर थाना में ऐसे मामलों को लेकर लगभग प्रतिदिन शिकायतें दर्ज हो रही हैं।
संदिग्ध प्रोफाइल से रहें सावधान
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान या संदिग्ध प्रोफाइल की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर थाना या स्थानीय पुलिस को देने की सलाह दी गई है, ताकि समय रहते साइबर अपराधों पर रोक लगाई जा सके।