Deoghar News: देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर मोहनपुर थाना क्षेत्र के घोंघो मोड़ के पास छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड और विभिन्न बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
दो शातिर साइबर ठग गिरफ्तार, देवघर साइबर थाना में मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारठ थाना क्षेत्र के रहने वाले 21 वर्षीय कलीमुद्दीन अंसारी, अब्दुल करीम अंसारी, 30 वर्षीय समीर अंसारी और 21 वर्षीय वसीम अंसारी के रूप में हुई है। चारों आरोपियों के खिलाफ देवघर साइबर थाना में कांड संख्या-04/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कस्टमर केयर अधिकारी बनकर करते थे ठगी, APK भेजकर मोबाइल करते थे हैक
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी खुद को फ्लिपकार्ट, अमेजन, गूगल पे, फोनपे और पेटीएम का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। इसके अलावा वे एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक करने और फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक खाते खुलवाकर लोगों के बैंक खातों से अवैध निकासी करते थे।
देशभर में दर्ज हैं शिकायतें, गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। इस कार्रवाई को पुलिस निरीक्षक सह साइबर थाना प्रभारी सहदेव कुमार साह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।