Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-11

Jamshedpur News: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस ने 172 रेलकर्मियों को दिया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण, आग से बचाव और फर्स्ट एड की दी जानकारी

Jamshedpur News: दक्षिण पूर्व रेलवे के जोनल प्रशिक्षण संस्थान सीनी में टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम की ओर से बहुविषयक आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान भारतीय रेल के सात डिवीजनों से पहुंचे 172 ट्रेन मैनेजर, स्टेशन मैनेजर और सहायक लोको पायलटों ने प्रशिक्षण में हिस्सा लिया. कार्यक्रम का आयोजन जोनल रेलवे प्रशिक्षण संस्थान के सभागार में किया गया.
आग से बचाव के लिए आधुनिक फायर एक्सटिंग्विशर की उपयोगिता समझाई गई
प्रशिक्षण के दौरान सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कार्यालय, उद्योग, कारखानों और घरों में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न प्रकार के फायर एक्सटिंग्विशर के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में एयर कंडीशनर, एलसीडी, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में आग लगने की स्थिति में क्लीन एजेंट फायर एक्सटिंग्विशर सबसे सुरक्षित विकल्प है.

उन्होंने कहा कि रसोईघर में एलपीजी गैस रिसाव या तेल से लगी आग को बुझाने के लिए भी यह काफी प्रभावी और सुरक्षित माना जाता है. यह 2, 4 और 6 किलो के आकार में उपलब्ध होता है और इसे चलाना बेहद आसान है. ऐसे में घर की महिलाएं भी आपात स्थिति में इसका इस्तेमाल कर घर और परिवार को सुरक्षित रख सकती हैं.

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान से बचाने में कारगर है क्लीन एजेंट फायर एक्सटिंग्विशर
संतोष कुमार ने बताया कि क्लीन एजेंट फायर एक्सटिंग्विशर आग बुझाने के बाद किसी तरह का दाग, अवशेष या कचरा नहीं छोड़ता. इसकी गैस वातावरण में उड़ जाती है. वहीं साधारण पाउडर या फोम आधारित फायर एक्सटिंग्विशर आग तो बुझा देते हैं, लेकिन कंप्यूटर, एलसीडी, फ्रिज और अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंचा सकते हैं. उन्होंने प्रत्येक घर में इलेक्ट्रिक पैनल और विद्युत उपकरणों की सुरक्षा के लिए इस प्रकार के फायर एक्सटिंग्विशर रखने की सलाह दी.

बेसिक लाइफ सपोर्ट और इमरजेंसी रेस्क्यू का भी दिया गया प्रशिक्षण
कार्यक्रम में बेसिक लाइफ सपोर्ट, इमरजेंसी रेस्क्यू, डॉग बाइट और स्नेक बाइट से निपटने के तरीके भी सिखाए गए. इसके अलावा फर्स्ट एड बॉक्स में मौजूद विभिन्न सामग्रियों के सही उपयोग की जानकारी जीवंत प्रदर्शन के माध्यम से दी गई.

उपकरणों के व्यावहारिक इस्तेमाल का कराया गया अभ्यास
सिविल डिफेंस डेमोंस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद ने प्रतिभागियों को विभिन्न उपकरणों के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया. प्रशिक्षण कार्यक्रम में चक्रधरपुर, रांची, आद्रा, खड़गपुर, संबलपुर, खुरदा और बिलासपुर डिवीजन के रेलकर्मी शामिल हुए.

रेलकर्मियों ने प्रशिक्षण को बताया उपयोगी
प्रशिक्षण में शामिल रेलकर्मियों ने टाटानगर रेल सिविल डिफेंस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे बेहद उपयोगी और लाभकारी बताया. उनका कहना था कि इस तरह के प्रशिक्षण से आपात परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिलेगी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !